दिल्ली। शांतिपथ स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर संबंधित एजेंसियों ने JCB की मदद से कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, हाई कमीशन की तय सीमा के बाहर बने ढांचों को हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए बैरिकेड और लोहे की फेंसिंग को भी हटाया गया।
वीजा सेक्शन के बाहर आवेदकों की कतार व्यवस्थित करने के लिए बनाए गए क्यू-मैनेजमेंट स्ट्रक्चर भी कार्रवाई की जद में आए। मौके की तस्वीरों में टूटे गेट, रेलिंग, लोहे के फ्रेम, छत की चादरें, ईंट और कंक्रीट के टुकड़े दिखाई दिए। बाहरी हिस्से में लगी सफेद मेटल फेंसिंग और कुछ कॉरुगेटेड रूफिंग भी हटा दी गई।
मेन बिल्डिंग और गेट सुरक्षित
कार्रवाई हाई कमीशन की मुख्य इमारत तक नहीं की गई। मेन गेट, सफेद दीवारें और पाकिस्तानी निशान वाला प्रवेश द्वार सुरक्षित रहा। परिसर के कुछ हिस्सों में लगी कांटेदार तार भी दिखाई दी।
तोड़फोड़ के बाद वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर स्पष्ट नजर आए। यहां ‘विंडो-1’, ‘पाकिस्तान पासपोर्ट ऑनली’ और ‘विंडो-5/कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेंट्स’ जैसे बोर्ड लगे थे। काउंटरों के आसपास टूटी फेंसिंग और निर्माण सामग्री बिखरी हुई थी।
इस्लामाबाद की कार्रवाई के दो दिन बाद एक्शन
दिल्ली में यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए गए थे। दोनों घटनाओं को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच राजनयिक परिसरों के आसपास की व्यवस्थाओं पर चर्चा तेज हो गई है।
