छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार होगी कम, फिर भी कई इलाकों में भारी बारिश के आसार; कन्हर नदी उफान पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने राहत के संकेत दिए हैं। आज प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र से गुजरने वाली कन्हर नदी उफान पर आ गई है। इस सीजन की सबसे बड़ी बाढ़ के कारण नदी का पानी रामानुजगंज नगर के वार्ड नंबर 9 में सीसी रोड तक पहुंच गया।

वहीं, वार्ड नंबर 13 में बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय घर में तीन बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि तीनों बच्चे सुरक्षित बच गए। मकान गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कई इलाकों में 50 MM से ज्यादा बारिश

प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 60 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। दुलदुला में सबसे ज्यादा 60 MM बारिश दर्ज हुई। तमनार, पाली, सूरजपुर, बगीचा, प्रेमनगर, पलारी और बागभार में 50-50 MM बारिश हुई। कपू, ओड़गी, रायगढ़, भोपालपट्टनम, बिहारपुर और पोड़ी बचरा में 40-40 MM पानी गिरा।

इसके अलावा मुकडेगा, पेंड्रा, पत्थलगांव, मनेन्द्रगढ़, छुरा, गरियाबंद, कटघोरा, पेंड्रा रोड, पुसौर, भैयाथान, बरमकेला, लैलूंगा, मरवाही, लुंड्रा, लखनपुर, दरी, केल्हारी, घरघोड़ा और कोटाडोल में करीब 30 MM बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

Exit mobile version