मजबूत समाज के निर्माण से ही समृद्ध और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मजबूत समाज के निर्माण से ही समृद्ध और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
सामाजिक समरसता, जागरूकता और सामूहिक चिंतन के माध्यम से समाज को नई दिशा दी जा सकती है। वे आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खारीझरिया में आयोजित झरिया यादव महासम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने खारीझरिया में मंगल भवन एवं सांस्कृतिक मंडप निर्माण की घोषणा की। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे महासम्मेलन सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, शिक्षा और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में महाविद्यालय संचालित हैं और मेडिकल, इंजीनियरिंग व लॉ जैसे महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध हैं। उन्होंने यादव समाज की गौसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को प्राथमिकता से पूरा किया गया है।
महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और तेंदूपत्ता पारिश्रमिक वृद्धि जैसे निर्णयों से किसानों और वनवासी परिवारों को सीधा लाभ मिला है।
11.75 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
इस अवसर पर कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में 11 करोड़ 75 लाख 94 हजार रुपये की लागत से 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में झरिया यादव समाज के प्रदेशाध्यक्ष जगनिक यादव सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।



