बजट सत्र का 13वां दिन: पहले चरण की आज आखिरी कार्यवाही, राहुल गांधी पर भड़की भाजपा

दिल्ली। संसद के बजट सत्र का शुक्रवार को 13वां दिन है और आज पहले चरण की कार्यवाही का अंतिम दिन भी है। बजट सत्र दो चरणों में आयोजित हो रहा है, जिसमें दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। पहले चरण के दौरान सदन में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश हुए, वहीं राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी लगातार देखने को मिले।
गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों से इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड (संशोधन) बिल 2026 पारित हुआ। इस बिल का उद्देश्य औद्योगिक संबंध संहिता 2020 में संशोधन कर श्रम संबंधी प्रावधानों को अधिक स्पष्ट और प्रभावी बनाना बताया गया है।
इसी बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ सब्सटेंसिव मोशन पेश किया। उन्होंने राहुल गांधी पर सदन और देश को गुमराह करने का आरोप लगाया और उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने के साथ ही भविष्य में चुनाव लड़ने पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की मांग की।
सत्र के पिछले दिनों में भी राहुल गांधी के भाषणों को लेकर विवाद बना रहा। भाजपा ने उनके कुछ बयानों को आपत्तिजनक बताते हुए रिकॉर्ड से हटाने की मांग की, जबकि कांग्रेस ने इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया।
इससे पहले सत्र के दौरान लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस, बजट पर तीखी बहस और कई बार हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित होने जैसी घटनाएं भी हुईं। कई दिनों तक सदन की कार्यवाही कुछ ही मिनट चल पाई थी।
आज पहले चरण के समापन के साथ ही सभी की नजरें दूसरे चरण पर रहेंगी, जहां बजट से जुड़े विधेयकों, नीतिगत चर्चाओं और राजनीतिक टकराव के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।





