StateNewsदेश - विदेश

दार्जिलिंग में पुल ढहा, 6 की मौत; अरब सागर में चक्रवात शक्ति ने बढ़ाई सतर्कता, गुजरात-महाराष्ट्र में तेज बारिश का अलर्ट

दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के मिरिक में तेज बारिश के बाद एक पुल गिर गया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय आसपास के पहाड़ी इलाकों में भी लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। रेस्क्यू टीमों ने मलबे से शवों को निकाला और राहत कार्य जारी है। पुल का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इलाके में आवाजाही ठप हो गई।

उधर, मानसून के बाद अरब सागर में बना पहला चक्रवात ‘शक्ति’ गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान गुजरात के द्वारका से लगभग 420 किमी दूर एक्टिव है और 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। अगले 24 घंटे में यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अरब सागर के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों तक पहुंचेगा। सोमवार से यह पूर्वोत्तर की ओर बढ़ते हुए कमजोर होने की संभावना है।

चक्रवात के कारण गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र में समुद्र उफान पर है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के तटीय क्षेत्रों में 7 अक्टूबर तक तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन को अलर्ट किया और मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया।

देशभर में अन्य राज्यों में भी मौसम का अलर्ट है। राजस्थान के जयपुर संभाग में भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना के कारण ऑरेंज अलर्ट, बिहार के 10 जिलों में रेड अलर्ट, यूपी के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, हरियाणा में तीन दिन तक बारिश, और पंजाब के कई जिलों में बाढ़ का खतरा बताया गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर का यह चक्रवात और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अगले कुछ दिनों में मौसम की स्थिति को प्रभावित करेगा। नागरिकों और प्रशासन से सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button