BREAKING: छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ: PVTG अभ्यर्थियों को D.Ed. और TET में मिलेगी छूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है।

स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में प्रस्तावित 5 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

विभाग ने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षक भर्ती में D.Ed. और TET की अनिवार्यता से छूट देने की प्रशासनिक सहमति प्रदान कर दी है।

स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आर.पी. वर्मा ने लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) को पत्र जारी कर इस संबंध में निर्देश दिए हैं।

पत्र में कहा गया है कि PVTG वर्ग के अभ्यर्थियों को विभाग के 10 जनवरी 2013 के राजपत्र में दिए गए प्रावधानों के अनुसार D.Ed. एवं TET की अनिवार्यता में छूट दी जाएगी।

साथ ही ऐसे अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यापम (CGSSB) के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अनुमति भी प्रदान की गई है।

विभाग के अनुसार यह निर्णय विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने और दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से लिया गया है।

लंबे समय से इस वर्ग के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में विशेष प्रावधान की मांग कर रहे थे।

सरकार के इस फैसले से PVTG वर्ग के युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी और वे आगामी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में आवेदन कर सकेंगे।

माना जा रहा है कि इससे प्रदेश के आदिवासी अंचलों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता भी बेहतर होगी।

अब भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी लोक शिक्षण संचालनालय और संबंधित भर्ती एजेंसी पर होगी।

जल्द ही भर्ती से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना, पदों का वर्गवार विवरण, आवेदन की तिथियां और अन्य पात्रता संबंधी जानकारी जारी किए जाने की संभावना है।

सरकार के इस निर्णय को प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

↑
Exit mobile version