BREAKING: छत्तीसगढ़ में होली पर नहीं बिकेगी शराब: सरकार का बड़ा फैसला, दुकानें रहेंगी पूरी तरह बंद; आदेश जारी होगा जल्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब बिक्री को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि होली के अवसर पर प्रदेशभर में शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
आबकारी विभाग जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करेगा। इससे पहले नई आबकारी नीति के तहत होली, मुहर्रम और 30 जनवरी (महात्मा गांधी निर्वाण दिवस) को ड्राई डे की सूची से हटाया गया था, जिसके बाद यह माना जा रहा था कि इन दिनों शराब की बिक्री की अनुमति रहेगी। हालांकि, अब सरकार ने सामाजिक और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए होली पर शराब बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
सरकार के इस फैसले से साफ हो गया है कि होली के दिन प्रदेश में कहीं भी शराब की बिक्री नहीं होगी। अधिकारियों के अनुसार, होली के दौरान संभावित विवाद, शांति व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आदेश जारी होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी, जबकि अन्य ड्राई डे पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही लागू रहेंगे।
नई आबकारी नीति 2026-27 के अनुसार, राज्य में कुल चार दिन ड्राई डे घोषित किए गए हैं। इनमें 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) और 18 दिसंबर (गुरु घासीदास जयंती) शामिल हैं। पहले होली के दिन भी राज्य में शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहती थीं, लेकिन नई नीति में बदलाव के बाद इस पर असमंजस की स्थिति बन गई थी।
उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानें खुली रहने को लेकर प्रदेश में राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी और नियमों में तत्काल बदलाव की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बापू के आदर्शों के विपरीत ऐसे दिन शराब बिक्री की अनुमति देना जनभावनाओं का अपमान है। अब होली पर ड्राई डे लागू करने के फैसले से सरकार ने सामाजिक संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है।



