ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में मक्खियों के बीच बन रहे थे ब्रेड-टोस्ट-डोनट : खुले में पड़ा आटा, बिना मास्क-ग्लव्स काम कर रहे थे वर्कर

रायपुर। शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चौरसिया कॉलोनी स्थित चांद ब्रेड फैक्ट्री में खुलेआम अनहाइजीन हालात में बेकरी उत्पाद तैयार किए जा रहे थे।

नगर निगम की टीम जब जांच के लिए पहुंची, तो फैक्ट्री परिसर में ब्रेड, टोस्ट, क्रीम रोल, डोनट और अन्य खाद्य पदार्थों पर मक्खियां भिनभिनाती नजर आईं। आटा और डो जमीन पर खुला पड़ा था, जबकि वर्कर बिना मास्क और ग्लव्स के काम कर रहे थे।

निरीक्षण के दौरान चारों ओर गंदगी फैली मिली। खाद्य सुरक्षा के बुनियादी नियमों की अनदेखी की जा रही थी। फैक्ट्री में रोजाना बड़े पैमाने पर खारी, टोस्ट, डोनट, ब्रेड और क्रीम रोल बनाए जाते थे, जिनकी सप्लाई शहर की करीब 50 दुकानों में होती थी। ऐसे में इस लापरवाही ने आम लोगों की सेहत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, बेकरी में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार होने की जन शिकायत नगर निगम को मिली थी। इसके बाद जोन-6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की 6 सदस्यीय संयुक्त टीम बिना सूचना के निरीक्षण के लिए पहुंची।

जांच में शिकायत सही पाई गई और खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन सामने आए। खारी टोस्ट पर मरी हुई मक्खियां तक देखी गईं।

निरीक्षण के बाद जोन-6 स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हाजरी, स्वच्छता निरीक्षक महेन्द्र कलीहारी, अजय शर्मा, अभिषेक जायसवाल और कार्य सहायक टोकेश्वर ध्रुव की मौजूदगी में फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया गया। मौके पर मौजूद तैयार और कच्चे सामान को नष्ट कराया गया।

नगर निगम प्रशासन ने सभी फूड प्रोडक्शन यूनिट्स को सख्त चेतावनी दी है कि वे स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button