डीजीसीए द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की स्वीकृति से छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई गति : सीएम साय

रायपुर। भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C-ऑल वेदर ऑपरेशंस (IFR) श्रेणी में शामिल किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की स्वीकृति मिलने से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी विमानों का सुरक्षित संचालन संभव हो सकेगा।
इससे यात्रियों को अधिक भरोसेमंद, सुरक्षित और सुगम हवाई सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा न केवल यात्रियों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और कार्गो परिवहन के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बेहतर हवाई संपर्क से औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह सुविधा छत्तीसगढ़ को निवेशकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है और विमानन क्षेत्र में यह उपलब्धि उसी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट का यह उन्नयन पूरे छत्तीसगढ़ के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा तथा प्रदेश को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाएगा।





