नवा रायपुर में जुटेंगे नीति-निर्माता और विशेषज्ञ, शहरों में निवेश बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर बनेगी रणनीति
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को गति देने, निवेश के नए अवसर तलाशने और शहरों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 21 अक्टूबर को क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। नवा रायपुर के एक निजी होटल में होने वाली इस कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और हुडको के संयुक्त आयोजन में होने वाली यह कार्यशाला अर्बन चैलेंज फंड (UCF) और अर्बन इन्वेस्ट विंडो पर केंद्रित होगी। इसमें नीति-निर्माता, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ शहरी अधोसंरचना के विकास, निवेश आकर्षित करने और परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा करेंगे।
शहरों के विकास के लिए तलाशेंगे नए मॉडल
कार्यशाला में शहरों के सुनियोजित विस्तार, नवाचार आधारित विकास मॉडल और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसका उद्देश्य नगरीय निकायों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। चर्चा के दौरान परियोजनाओं के बेहतर वित्तीय प्रबंधन और दीर्घकालिक विकास की रणनीतियों पर भी जोर दिया जाएगा।
हुडको के अध्यक्ष देंगे उद्घाटन संबोधन
कार्यशाला में हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ उद्घाटन संबोधन देंगे। वहीं, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।
इस आयोजन के जरिए राज्य के शहरों के लिए विकास और निवेश से जुड़ी संभावनाओं पर मंथन होगा। साथ ही, शहरी अधोसंरचना को आधुनिक बनाने और विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने के नए विकल्पों पर भी चर्चा की जाएगी। इससे छत्तीसगढ़ में समावेशी और सतत शहरी विकास की भावी रूपरेखा तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
