सटोरिए बाबू खेमानी की काली कमाई का खुलासा: छापे में 5 लग्जरी कारें, करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी की काली कमाई का बड़ा खुलासा हुआ है। शुक्रवार को गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में उसके घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस को 5 महंगी कारें और करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।

पुलिस की करीब 10 टीमों ने सर्च वारंट के साथ घर में दबिश दी। मौके पर बाबू खेमानी की पत्नी, भाई करण की पत्नी और उसकी मां मौजूद थीं। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने सट्टेबाजी के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की है। उसके पास बीएमडब्ल्यू, क्रेटा समेत अन्य लग्जरी कारें बरामद हुई हैं।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि बाबू खेमानी ने शहर के अलग-अलग इलाकों में निवेश किया है। आमानाका के मारुति एनक्लेव के अलावा रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब 1 एकड़ जमीन का मालिकाना हक उसके नाम पर है। पुलिस अब इन सभी संपत्तियों की वैधता की जांच कर रही है।

जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने के लिए 50 से अधिक आईडी का इस्तेमाल करते थे। इसके लिए कई म्यूल बैंक खातों का भी सहारा लिया जाता था। पुलिस ने बाबू, करण और उनके परिवार के बैंक खातों के लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील बनाता था, जिनमें कई आपत्तिजनक कंटेंट भी शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, राजधानी में सट्टेबाजी का नेटवर्क काफी बड़ा है, जिसमें क्लब, होटल और सराफा कारोबारी तक जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version