हैदराबाद। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन, CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-754 को लेकर भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि विमान में बम लगाया गया है और शमशाबाद पहुंचने से पहले उसमें विस्फोट हो सकता है। मेल मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिए और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया।
फ्लाइट के सुरक्षित लैंड होने के बाद विमान को सामान्य पार्किंग एरिया की बजाय आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा टीमों ने जांच शुरू की। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे विमान की गहन तलाशी ली जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
प्रारंभिक जांच में अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां धमकी वाले ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। साइबर टीम भी मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हाल के महीनों में देश के कई एयरपोर्ट्स और विमानों को बम की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके बाद विमानन सुरक्षा एजेंसियां हर अलर्ट को गंभीरता से ले रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच पूरी होने तक विमान को अलग रखा जाएगा।
