शराब पार्टी में खूनी खेल : मामूली विवाद में दोस्तों ने मिलकर युवक की पीट-पीटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। घोघरा नाला क्षेत्र में शुक्रवार रात रोहित महंत नामक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियाें का नाम पुलिस द्वारा सागर कर्ष (27), नागेश्वर नायडू (23), अश्वनी सतनामी (24), विजय श्रीवास (25), विनय कुर्रे (29), आकाश उर्फ अज्जू साहू (25) बताया जा रहा है।
कैसे हुआ विवाद
मामले की रिपोर्ट प्रमोद कुर्रे ने थाने में दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे सागर कर्ष अपने दोस्तों के साथ घोघरा नाला स्थित एक किराना दुकान के पास शराब पी रहा था।
इसी दौरान रोहित महंत ने सागर को गालियां देना शुरू कर दिया। सागर ने उसे थप्पड़ मारे, जिसके बाद रोहित वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद सागर अपने साथियों नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू के साथ नदी किनारे बैठा था। इसी दौरान रात 9:30 बजे रोहित फिर पहुंचा और दोबारा गाली-गलौज करने लगा।
इससे गुस्साए सागर और उसके साथियों ने रोहित पर हमला कर दिया। पांच आरोपियों ने रोहित को पकड़ लिया और सागर ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। रोहित के गिरने के बाद आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और वहां से भाग गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणी सिदार ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। चांपा पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 6 आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। सागर के पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया गया है।





