ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चौथिया कार्यक्रम में बाजा बजाने को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत, पांच घायल

धमतरी। धमतरी जिले में चौथिया कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाजा ठीक से नहीं बजाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोथीडीह में 21 फरवरी को ग्राम मालगांव से ग्रामीण चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। चौथिया परघनी के समय बाजा पार्टी के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच प्रदर्शन को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो धीरे-धीरे धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।

स्थिति तब बेकाबू हो गई जब कुछ लोगों ने धारदार हथियार निकाल लिए और हमला कर दिया। इस हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button