बिलासपुर। बिलासपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गुरुद्वारे के एक रागी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर कारोबारी की पत्नी और बेटी को ब्लैकमेल किया। आरोपी मनिंदर सिंह ने महिलाओं की फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो तैयार कर उनसे अब तक करीब 20 लाख रुपए वसूल लिए और आगे 20 करोड़ रुपए की मांग कर रहा था।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मनिंदर सिंह गुरुद्वारे में शबद कीर्तन सिखाने के बहाने परिवार के संपर्क में आया और धीरे-धीरे उनसे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद उसने परिवार से उधार के नाम पर पैसे लेने शुरू किए। जब परिवार ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसने महिलाओं को बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया।
आरोप है कि मनिंदर ने AI तकनीक की मदद से महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार किए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। डर के कारण परिवार ने किस्तों में करीब 20 लाख रुपए उसे दे दिए।
इतना ही नहीं, आरोपी कई बार जान से मारने की धमकी देता रहा और रायपुर के तेलीबांधा स्थित घर पर तलवार लेकर भी पहुंच गया। वहां भी उसने धमकाते हुए 2 लाख रुपए वसूले। लगातार बढ़ती मांगों और धमकियों से परेशान होकर परिवार ने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामला पहले तेलीबांधा थाने में दर्ज हुआ, जिसे बाद में बिलासपुर ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। शिकायत के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने उसे हटा दिया, जिसके बाद वह अमृतसर फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
