बस्तर। बस्तर के कुख्यात नक्सली माड़वी हिडमा के एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता दीपक ने हिडमा को ‘क्रांतिकारी’ बताते हुए उसे बस्तर के जल, जंगल, जमीन और पहाड़ों का रक्षक बताया है। दीपक ने हिडमा के लिए ‘प्रथम पुण्यतिथि’ लिखकर पोस्ट किया और अंत में उसे ‘बस्तर टाइगर’ भी कहा।
दीपक ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘बस्तर के जल, जंगलों, जमीन और पहाड़ों की रक्षा करने वाले दादा क्रांतिकारी माड़वी हिडमा को प्रथम पुण्यतिथि पर अंतिम जोहार।’ आगे लिखा कि जिस धरती के लिए वह लड़ा, वहां की प्राकृतिक शक्ति अपने में समाहित कर उसकी आत्मा को सुकून दे।
सरकार पर भी साधा निशाना
पोस्ट में दीपक ने हिडमा की मौत को बस्तर की खनिज संपदा से जोड़ते हुए सरकार पर भी निशाना साधा।
उसने लिखा कि अब हिडमा मर गया तो बस्तर की खनिज संपदा साय सरकार के हाथों में पहुंचेगी। साथ ही बस्तर के गांवों में शुद्ध पेयजल और जंगलों के बीच मिलने वाले सुकून को लेकर भी टिप्पणी की।
पोस्ट के आखिर में उसने लिखा, ‘अंतिम क्रांति जोहार हमारे बस्तर टाइगर को।’ इस पोस्ट के सामने आने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
प्रोफाइल में सांसद के साथ तस्वीर
दीपक की सोशल मीडिया प्रोफाइल पर सांसद महेश कश्यप के साथ उसकी तस्वीर भी लगी हुई है। ऐसे में भाजयुमो नेता की ओर से नक्सली हिडमा को क्रांतिकारी और बस्तर टाइगर बताने वाली पोस्ट पर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, इस पोस्ट को लेकर भाजयुमो या पार्टी की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया में हिड़मा के समर्थन में पोस्ट लिखने वाले भाजयुमो नेता बस्तर के गढ़िया का निवासी बताया जा रहा है।
