कार पर ‘भारत सरकार’, घर के बाहर कलेक्टर की नेमप्लेट: MP में फर्जी IAS-IPS बनकर 1 करोड़ की ठगी

भोपाल। सरकारी अफसर का रुतबा, कार पर ‘भारत सरकार’ की प्लेट और घर के बाहर कलेक्टर की नेमप्लेट… मध्यप्रदेश में फर्जी IAS-IPS बनकर लोगों को ठगने के कई मामले सामने आए हैं। भोपाल, इंदौर और अशोकनगर में पकड़े गए आरोपियों ने नौकरी, सरकारी ठेके, लाइसेंस और रिसॉर्ट दिलाने का झांसा देकर करीब एक करोड़ रुपए की ठगी की।

3 सितंबर को इंदौर के शेरेटन होटल में हिमांशु पांचाल 16 दोस्तों के साथ खाना खाने पहुंचा। 16 हजार रुपए का बिल आने पर उसने अपना नाम राज सोनी और पद कलेक्टर लिखवाया। पीए से भुगतान कराने की बात कहकर वह चला गया। जांच में पता चला कि उसने किराए के मकान के बाहर भी डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर की नेमप्लेट लगा रखी थी।

गनमैन और सरकारी गाड़ी से बनाया रौब

अशोकनगर की तृप्ति सिंह राजपूत खुद को पर्यटन विभाग की एडिशनल डायरेक्टर और IAS बताती थी। वह ‘भारत सरकार’ लिखी गाड़ी और गनमैन के साथ घूमती थी। उस पर नौकरी दिलाने के नाम पर चार लोगों से 9.80 लाख और रिसॉर्ट लीज पर दिलाने के नाम पर कारोबारी से 50 लाख रुपए लेने का आरोप है। उसके खिलाफ चार FIR दर्ज होने की जानकारी है।

भोपाल में रामानुज गुर्जर खुद को IAS और PMO का अधिकारी बताकर आर्म्स लाइसेंस, प्लॉट और ठेके दिलाने के नाम पर ठगी करता था। वहीं, ऋषि यादव ने खुद को 2016 बैच का IPS अधिकारी बताकर UPSC की तैयारी कर रहे छह युवाओं से करीब 8 लाख रुपए लिए।

रुतबे के लालच में फंसते हैं लोग

मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के मुताबिक, कुछ लोग सामाजिक सम्मान और प्रभाव पाने के लिए प्रतिष्ठित पदों का झूठा दावा करते हैं। रिटायर्ड IAS वीणा घाणेकर ने सलाह दी है कि अधिकारी का पहचान पत्र मांगें और संबंधित विभाग से पुष्टि करें।

किसी भी नियुक्ति, ठेके या लाइसेंस के लिए आधिकारिक प्रक्रिया अपनाएं। सरकारी वेबसाइट की डायरेक्टरी में अधिकारी का नाम-पद जांचें। केवल नेमप्लेट, सील, लेटरहेड या रुतबे के आधार पर किसी पर भरोसा न करें।

↑
Exit mobile version