लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज, तीन सत्रों में होगी चर्चा; कमजोर बूथों को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की बनेगी रणनीति
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक होने जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की योजना पर मंथन किया जाएगा।
तीन सत्रों में होगा चुनावी मंथन
डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में होने वाली बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे। अमित शाह सुबह बैठक का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन से होगा। तीन सत्रों में होने वाली बैठक के दौरान 2027 के चुनावी एजेंडे, राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की तैयारियों पर चर्चा होगी।
भाजपा उन क्षेत्रों और बूथों की भी समीक्षा करेगी, जहां पार्टी की स्थिति कमजोर है। ऐसे इलाकों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई जाएगी।
सरकार की उपलब्धियों को बनाएगी चुनावी मुद्दा
बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीबों के लिए किए गए काम, सुशासन और प्रमुख फैसलों को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी इन उपलब्धियों को चुनाव से पहले जनता तक पहुंचाने की योजना तैयार करेगी।
चार घंटे लखनऊ में रहेंगे अमित शाह
अमित शाह सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
बैठक में केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े सहित सांसद, विधायक, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
