भाजपा को जल्द मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, रेस में शिवराज, खट्टर समेत 6 नाम; संगठन और जातीय समीकरण पर जोर

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जल्द ही अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, भाजपा जिन 6 नामों पर विचार कर रही है, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान प्रमुख हैं। इनके साथ भाजपा के संगठन में लंबे समय से जुड़े महासचिव सुनील बंसल और विनोद तावड़े भी इस रेस में शामिल बताए जा रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा नए अध्यक्ष के चयन में संगठनात्मक अनुभव, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन जैसी बातों पर ध्यान दे रही है। इसके लिए जल्द ही एक केंद्रीय चुनाव समिति का गठन किया जा सकता है जो अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया, नामांकन, जांच और मतदान का जिम्मा संभालेगी। जेपी नड्डा का अध्यक्ष पद का कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका है। फिलहाल वे एक्सटेंशन पर हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी बन चुके हैं। इसी कारण भाजपा जल्द नया अध्यक्ष चुनना चाहती है।
भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी हो सकता है जब पार्टी के 50% राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति हो जाए। अभी भाजपा की 37 राज्य इकाइयों में से 26 में प्रदेश अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। जुलाई के पहले दो दिन में ही पार्टी ने 9 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। नए अध्यक्ष को अपने तीन साल के कार्यकाल में 12 अहम चुनावों की जिम्मेदारी संभालनी होगी, जिनमें कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2029 का आम चुनाव शामिल हो सकता है।