मोर तिरंगा मोर अभिमान अभियान चलाएगी BJP: ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ेगी तिरंगा यात्रा, 12 लाख तिरंगे बनाने का ऑर्डर

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा इस स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ को नई पहचान देने जा रही है। इस बार पार्टी ने अभियान को ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान’ नाम दिया है। मंगलवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में तिरंगा यात्रा की रणनीति तय की गई, जिसमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भी जोड़ा जाएगा।
60 लाख घरों में तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य
भाजपा ने इस बार 60 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। पिछले वर्ष यह संख्या 30 लाख थी। इसके लिए 12 लाख से अधिक तिरंगे बनाने का ऑर्डर दे दिया गया है। तिरंगे घरों, कार्यालयों और संस्थानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मंडल, बूथ और जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को दी जाएगी।
तिरंगा यात्रा की तारीखें तय
तिरंगा यात्रा की प्रभारी नीलू शर्मा ने बताया कि 10 से 14 अगस्त तक मंडल स्तर पर यात्राएं आयोजित होंगी। 13 से 15 अगस्त तक हर घर, प्रतिष्ठान और भवनों में झंडारोहण किया जाएगा। इसमें महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की खास भूमिका रहेगी।
ऑपरेशन सिंदूर: भावनात्मक जुड़ाव का प्रयास
इस बार अभियान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को जोड़ा गया है, ताकि तिरंगे से लोगों का भावनात्मक जुड़ाव और मजबूत हो। बच्चों से झंडा फहरवाने की अपील की जा रही है, ताकि उनमें बचपन से देशभक्ति और तिरंगे के सम्मान का भाव विकसित हो।
14 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा और मौन जुलूस
विभाजन विभीषिका दिवस के मौके पर 14 अगस्त को भाजपा राज्यभर में श्रद्धांजलि सभा और मौन जुलूस का आयोजन करेगी। पार्टी का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन के दर्द और बलिदानों की कहानी से जोड़ना है।