StateNews

एक पार्टी एक चुनाव नियम लागू करेगी भाजपा, मंडल से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा एक साथ!

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब संगठन में भी “एक देश, एक चुनाव” जैसी योजना पर आगे बढ़ रही है। पार्टी चाहती है कि मंडल स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सभी चुनाव एक साथ हों।

इससे पूरे देश में भाजपा का संगठन एक ही समय पर चुना जाएगा और सभी जगह कामकाज एक जैसे तरीके से चल पाएंगे।
इस समय 26 राज्यों में भाजपा के संगठन चुनाव पेंडिंग हैं। नियम के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तब ही होता है जब कम से कम 18 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुने जा चुके हों। इसलिए सभी प्रदेश यूनिट्स से कहा गया है कि एक हफ्ते के अंदर अपने संगठन चुनाव पूरे कर लें।
एक साथ चुनाव क्यों जरूरी
भाजपा के एक सीनियर नेता ने बताया कि कुछ राज्यों में पिछले 5 साल से एक ही व्यक्ति अध्यक्ष बना हुआ है, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है। अगर सभी प्रदेश अध्यक्षों का कार्यकाल एक साथ शुरू होगा, तो वे 3 साल तक एक जैसी जिम्मेदारी और समय में काम कर पाएंगे। और इसके ठीक बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी तय तारीख पर होगा।
कार्यकाल 3 साल से बढ़ाकर 5 साल करने की चर्चा
बैठक में सुझाव आया कि अध्यक्षों का कार्यकाल 3 साल से बढ़ाकर 5 साल किया जाए। इसका कारण ये है कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कई अध्यक्षों का कार्यकाल खत्म हो जाता है, जिससे बदलाव की स्थिति बनती है और काम में रुकावट आती है। इस पर अंतिम फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।
500 गैर-राजनीतिक युवाओं को मौका
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा है कि राजनीति से बाहर के युवाओं को भी पार्टी में जगह दी जाए। इसलिए भाजपा की योजना है कि निकाय, मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे युवाओं को शामिल किया जाए, जिनका कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है। इस योजना के तहत 500 युवा (महिला और पुरुष) भाजपा की टीम का हिस्सा बन सकते हैं।

Related Articles

Back to top button