BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल: ट्रक से टकराई कार, कमर में अंदरूनी चोट; बागेश्वर धाम से लौट रहे थे

झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी कार तालबेहट के पास नेशनल हाईवे-44 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई।

हादसे में किरण देव के कमर और कूल्हे में अंदरूनी चोट आई है। उन्हें तत्काल झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है और शुरुआती जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे के समय किरण देव अपने परिवार के साथ कार में सवार थे। उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी को कोई चोट नहीं आई है। काफिले में पीछे चल रही अन्य गाड़ियां भी सुरक्षित हैं। कार में मौजूद पीएसओ, पीए और ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं।

बताया गया कि किरण देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे। इसके बाद उन्होंने ओरछा के राजा राम मंदिर और दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर के दर्शन किए। रायपुर लौटते समय तालबेहट के आगे यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मारा। उसे बचाने के प्रयास में किरण देव के ड्राइवर ने कार मोड़ी, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

झांसी मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. सचिन माहुर के अनुसार, किरण देव के पैर और कमर में अंदरूनी चोटें हैं।

सीटी स्कैन समेत अन्य जांच कराई जा रही हैं। उनके इलाज के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स के विशेषज्ञों की टीम लगाई गई है। हादसे के बाद डीएम, एसएसपी समेत पुलिस अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे।

Exit mobile version