रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे।
यहां उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अघोर गुरु पीठ में पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पीठ में आध्यात्मिक वातावरण रहा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के आधार होते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से व्यक्ति को जीवन में सही दिशा मिलती है और वह अपने कर्तव्यों एवं मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ पाता है।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। यह पर्व हमें अपने जीवन में गुरुजनों के योगदान को स्मरण करने और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश में शांति, खुशहाली और विकास का वातावरण लगातार मजबूत हो।
