ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेत माफिया से जुड़े ऑडियो पर बवाल, भाजपा महिला मोर्चा ने विधायक शेषराज हरबंस का पुतला जलाया

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि यह ऑडियो रेत माफिया से मिलीभगत का सबूत है। मामले को लेकर रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और विधायक का पुतला दहन किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। “रेत चोर गद्दी छोड़” और “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारों से क्षेत्र का माहौल गूंज उठा। महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि विधायक शेषराज हरबंस सीधे तौर पर रेत माफिया से जुड़े हुए हैं और यही कारण है कि प्रदेश में अवैध रेत खनन तेजी से बढ़ रहा है।

महिला मोर्चा ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि इस वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक विधायक को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि पामगढ़ विधायक को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की जांच जल्द शुरू नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल पुतला दहन तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि आम जनता को भी जोड़कर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। रेत माफिया और विधायक के कथित संबंधों से जुड़ा यह ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीति गरमा गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन जांच को लेकर क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Back to top button