ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

देवभोग में पहली बार भाजपा नेता नजरबंद: आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन से पहले मचा बवाल, माली समाज ने किया विरोध

देवभाेग। देवभोग के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब भाजपा के किसी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में पार्टी के ही एक नेता को शामिल होने से रोक दिया गया। शुक्रवार को आयोजित विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला संगठन की नियुक्ति में हुई विसंगतियों को उजागर करने की तैयारी थी। लेकिन सम्मेलन शुरू होने से पहले ही भाजपा नेता चमार सिंह पात्र को पुलिस ने नजरबंद कर दिया।

जानकारी के अनुसार, चमार सिंह पूर्व जिला मंत्री और माली समाज के सक्रिय नेता हैं। आयोजन शुरू होने से पहले खबर थी कि वे भाजपा जिला संगठन की नियुक्ति में अनियमितता पर सवाल उठाने वाले हैं। इसे देखते हुए उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने थाने में बैठा लिया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही माली समाज के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। समाज के हल्ला बोल के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा किया और कार्यक्रम में शामिल होने दिया।

सम्मेलन में पवन साय, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त चंदूलाल साहू समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद आयोजन स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन बाद में कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

चमार सिंह पात्र ने कहा कि उनका कसूर सिर्फ इतना था कि वे संगठन में हुई गड़बड़ियों को अपने वरिष्ठ नेताओं के सामने रखना चाहते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि “पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर नए लोगों को तवज्जो देना और सवाल उठाने पर पुलिस कस्टडी में भेज देना कितना उचित है?” इस घटना ने देवभोग के राजनीतिक माहौल में हलचल मचा दी है।

Related Articles

Back to top button