StateNewsदेश - विदेश

बीजेपी स्थापना दिवस: 1980 में बनी पार्टी कैसे बनी दुनिया की सबसे बड़ी ताकत, जानें कमल चिन्ह और इतिहास की पूरी कहानी

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) का आज स्थापना दिवस है। 6 अप्रैल 1980 को बनी यह पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। शुरुआत में सीमित जनाधार वाली इस पार्टी ने लंबा संघर्ष किया और धीरे-धीरे देश की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाई।

BJP की जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं, जिसकी स्थापना 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। 1977 में जनसंघ का विलय जनता पार्टी में हुआ, लेकिन वैचारिक मतभेद और दोहरी सदस्यता के विवाद के कारण 1980 में अलग होकर नई पार्टी का गठन हुआ। इस नई पार्टी का नाम “भारतीय जनता पार्टी” रखने का सुझाव अटल बिहारी वाजपेयी ने दिया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। वे इसके पहले अध्यक्ष भी बने।

पार्टी के प्रमुख संस्थापकों में लालकृष्ण आडवाणी और विजयराजे सिंधिया शामिल थे। खास बात यह है कि संस्थापक सदस्यों में सिकंदर बख्त जैसे मुस्लिम नेता भी थे, जो पार्टी की विविधता को दर्शाते हैं।

चुनाव चिन्ह के रूप में “कमल” का चयन भी एक दिलचस्प कहानी है। लालकृष्ण आडवाणी के अनुसार, चुनाव आयोग की सलाह पर ऐसे चिन्ह का चयन किया गया जो स्वतंत्र उम्मीदवारों को भी मिल सकता था। कमल भारतीय संस्कृति में पवित्रता, शुद्धता और उन्नति का प्रतीक है—कीचड़ में रहकर भी स्वच्छ और सुंदर। इसी संदेश को पार्टी ने अपने प्रतीक के रूप में अपनाया।

शुरुआत में 2 सीटों तक सिमटने वाली BJP ने समय के साथ अपनी रणनीति, संगठन और नेतृत्व के बल पर विस्तार किया। खासकर 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की। आज BJP के सदस्य करोड़ों में हैं और यह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में जानी जाती है।

Related Articles

Back to top button