StateNews

होली के बाद तय होगा भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी इस बार दक्षिण भारत के किसी नेता को अध्यक्ष बनाने पर विचार कर रही है, क्योंकि लोकसभा चुनावों में दक्षिण भारत में पार्टी को ज्यादा समर्थन मिल रहा है।

इस दौड़ में जी. किशन रेड्डी, बंडी संजय कुमार और प्रल्हाद जोशी के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। पिछले 20 वर्षों से भाजपा की कमान उत्तर भारतीय नेताओं के हाथों में रही है। हालांकि, 2000 से 2004 के बीच दक्षिण भारत से बंगारू लक्ष्मण, जना कृष्णामूर्ति और वेंकैया नायडू जैसे नेता पार्टी अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए, पार्टी दक्षिण भारत के किसी प्रभावशाली नेता को अध्यक्ष बनाने पर विचार कर रही है।

अध्यक्ष पद की रेस में ये नेता हैं आगे

  1. जी. किशन रेड्डी (64 वर्ष)
    • तेलंगाना BJP अध्यक्ष और केंद्रीय कोयला मंत्री
    • ओबीसी समुदाय से आते हैं, सरकार और संगठन दोनों का अनुभव
    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं
  2. बंडी संजय कुमार (53 वर्ष)
    • केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और BJP के राष्ट्रीय महासचिव
    • तेलंगाना के करीमनगर से सांसद और राज्य के पूर्व अध्यक्ष
    • हिंदुत्व और ओबीसी दोनों समीकरण साधने वाले नेता
  3. प्रल्हाद जोशी (62 वर्ष)
    • कर्नाटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और धारवाड़ से लगातार 5 बार सांसद
    • मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में संसदीय कार्य मंत्री
    • विवादों से दूर रहने वाले लो-प्रोफाइल नेता

होली के बाद मिल सकता है नया अध्यक्ष
भा.ज.पा. के संगठनात्मक नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तब हो सकता है जब आधे से अधिक राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे हो जाएं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख राज्यों में मार्च के पहले सप्ताह तक चुनाव पूरे होने की उम्मीद है। ऐसे में होली के बाद पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की संभावना जताई जा रही है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके ये लोग

  • अटल बिहारी वाजपेयी (1980-1986)
  • लाल कृष्ण आडवाणी (1986-1990, 1993-1998, 2004-2005)
  • डॉ. मुरली मनोहर जोशी (1991-1993)
  • कुशाभाऊ ठाकरे (1998-2000)
  • बंगारू लक्ष्मण (2000-2001)
  • जना कृष्णमूर्ति (2001-2002)
  • एम. वेंकैया नायडू (2002-2004)
  • राजनाथ सिंह (2005-2009, 2013-2014)
  • नितिन गडकरी (2010-2013)
  • अमित शाह (2014-2020)
  • जगत प्रकाश नड्डा (2020-वर्तमान)

Related Articles

Back to top button