ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिलासपुर गोलीकांड: कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई में चली गोलियां, पूर्व युवा नेता विश्वजीत अनंत निकला मास्टरमाइंड

बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर हुई फायरिंग का मास्टरमाइंड कांग्रेस से निष्कासित युवा नेता विश्वजीत अनंत निकला है। पुलिस ने उसे उसके भाई समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

घटना 28 अक्टूबर की शाम मस्तूरी में हुई, जब नितेश अपने ऑफिस के बाहर बैठे थे। उसी दौरान दो हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। गोलियां करीब से निकलीं, लेकिन किसी की जान नहीं गई। नितेश ने लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिससे हमलावर भाग निकले। घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनकी हालत अब सामान्य है।

एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद इस वारदात की मुख्य वजह थे। विश्वजीत नितेश के विरोधी गुट से जुड़ा था और पहले भी दो बार हत्या की साजिश रच चुका था। तीसरी बार 28 अक्टूबर को उसने भाइयों और साथियों के साथ गोलीबारी की योजना बनाई।

पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कोरबा, रायपुर और पामगढ़ से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हमलावरों से दो पिस्टल, एक कट्टा, और कई कारतूस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि शूटर्स प्रोफेशनल नहीं थे, इसलिए बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद विश्वजीत के कई कांग्रेस नेताओं और एक राज्य मंत्री के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इससे उसके राजनीतिक संबंधों की भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button