बिलासपुर में होली पर पुलिस सख्त,24 घंटे में 128 बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। बीते 24 घंटे के भीतर 128 आदतन गुंडे-बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं 337 लोगों से बाउंड ओवर भरवाकर भविष्य में उपद्रव न करने की सख्त चेतावनी दी गई। 36 अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सोमवार शाम से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया था। मंगलवार देर रात खुद एसएसपी पेट्रोलिंग पर निकले और चौक-चौराहों पर तैनात जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिलेभर में 4 एएसपी, 9 डीएसपी, सभी थाना प्रभारी, एसआई समेत लगभग 800 जवान तैनात रहे, जबकि 81 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करती रहीं।
त्योहार के दौरान हुड़दंग और अपराध रोकने के लिए पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं बीएनएसएस की धारा 128 के तहत 19 संदिग्धों पर कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के 64 प्रकरण दर्ज कर अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी करने वालों पर शिकंजा कसा गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाई गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1000 से अधिक लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी, स्टंटिंग, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हॉर्न और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी है और नागरिकों से अपील की है कि वे होली सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई है।





