बिलासपुर को बड़ी सौगात: 32 किमी लंबी रिंग रोड परियोजना को नितिन गडकरी की मंजूरी

बिलासपुर। बिलासपुर वासियों के लिए यातायात सुगमता और शहरी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिलासपुर लोकसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों पर मुहर लगाते हुए 32 किलोमीटर लंबी रिंग रोड परियोजना को अपनी सहमति दे दी है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा इस परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (DPR) तैयार करने की अनुशंसा की गई है। यह रिंग रोड बोदरी (छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पास) से शुरू होकर सेंदरी गांव (NH-130) तक बनाई जाएगी। यह मार्ग न केवल शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करेगा, बल्कि उच्च न्यायालय और बिलासपुर हवाई अड्डे को कोरबा, कटघोरा और सीपत जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से सीधा जोड़ेगा।
शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति
वर्तमान में NH-49 और NH-130 से गुजरने वाले भारी वाहन शहर के बीच से होकर जाते हैं, जिससे मुख्य बाजारों और रिहायशी इलाकों में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस रिंग रोड के बनने से भारी वाहनों को बाईपास मिलेगा: ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन शहर के बाहर से ही निकल जाएंगे। सिरगिट्टी और लालखदान जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को रायपुर-धनबाद एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर से सीधा संपर्क मिलेगा।
आर्थिक और औद्योगिक विकास
चूँकि बिलासपुर SECR (रेलवे जोन) और SECL का मुख्यालय है, यह रिंग रोड भविष्य में लॉजिस्टिक पार्क और नए ट्रांसपोर्ट नगर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल स्थानीय व्यापार सुदृढ़ होगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने इसे बिलासपुर के सुनियोजित विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया है।



