बिहान से बदली ममता की जिंदगी: सब्जी की खेती से बनी आत्मनिर्भर, सालाना 3 लाख से ज्यादा कमाई

रायपुर। अवसर और सहयोग मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी अपनी मेहनत और लगन से आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत सिलफिली की निवासी ममता विश्वास इसका उदाहरण बनकर सामने आई हैं।
कभी सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों से जूझने वाली ममता आज आत्मनिर्भर बनकर गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
ममता विश्वास राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत संचालित एकता महिला स्व सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने बचत और आत्मनिर्भरता के महत्व को समझा और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का संकल्प लिया। बिहान योजना के अंतर्गत बैंक लिंकेज के माध्यम से उन्हें 30 हजार रुपए का ऋण मिला, जिससे उन्होंने अपने खेत में सब्जी की खेती शुरू की।
शुरुआत में छोटे स्तर से शुरू हुई यह पहल धीरे-धीरे उनके लिए आय का बड़ा स्रोत बन गई। आज ममता सब्जी उत्पादन और बिक्री से हर साल करीब 3 से 3.5 लाख रुपए तक की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे बच्चों की पढ़ाई सहित घर की जरूरतों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं।
ममता का कहना है कि बिहान योजना और स्वयं सहायता समूह से मिले सहयोग ने उनके जीवन में नया आत्मविश्वास पैदा किया है। उनके मुताबिक यदि महिलाएं समूह से जुड़कर मेहनत और सही योजना के साथ काम करें तो वे भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
ममता की सफलता से प्रेरित होकर अब गांव की अन्य महिलाएं भी स्वयं सहायता समूह से जुड़ रही हैं और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।





