छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: 9 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 24 लाख का इनामी भी शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में 24 लाख रुपए के इनामी सहित कुल 9 माओवादियों ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं एक माओवादी मुठभेड़ में मारा गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे “बदलते बस्तर की तस्वीर” बताते हुए कहा कि बंदूकें अब झुक रही हैं और विकास की आवाज बुलंद हो रही है।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमित शाह का नेतृत्व भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए निर्णायक रहा है, चाहे अनुच्छेद 370 की समाप्ति हो या नक्सलवाद और आतंकवाद पर सख्त प्रहार।
दिसंबर 2023 से अब तक छत्तीसगढ़ में करीब 450 माओवादी मारे जा चुके हैं, 1579 गिरफ्तार हुए हैं और 1589 ने आत्मसमर्पण किया है। ये आंकड़े संकेत देते हैं कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के पुनर्वास के लिए तेज़ी से प्रक्रिया लागू करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों, खुफिया एजेंसियों और प्रशासन को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि बस्तर अब अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ रहा है, और विकास ही उसकी नई पहचान बनेगा।