ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, 20 महीने में 445 नक्सली ढेर; 1554 गिरफ्तार

रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में बीते 20 महीनों में ऐतिहासिक सफलता हासिल हुई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में 33 बड़ी मुठभेड़ें हुईं, जिनमें शीर्ष माओवादी नेताओं सहित 445 माओवादी मारे गए। इसके अलावा 1554 माओवादी गिरफ्तार किए गए और 1588 ने आत्मसमर्पण किया।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार की समन्वित विकास और सुरक्षा नीति के तहत माओवादी प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से न सिर्फ माओवाद कमजोर हुआ है बल्कि प्रशासन के प्रति स्थानीय समुदायों का विश्वास भी बढ़ा है।

बैठक में गृहमंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन की रणनीति की प्रशंसा करते हुए इसे “ऐतिहासिक प्रयास” बताया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री साय और गृहमंत्री शाह के बीच आगामी अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक उपलब्धियों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास में सहयोग के लिए केंद्र का आभार भी जताया।

Related Articles

Back to top button