ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

होली से पहले किसानों को बड़ी राहत: साय कैबिनेट का फैसला, 25 लाख किसानों को मिलेगा 10 हजार करोड़ का धान भुगतान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को धान के अंतर की राशि एकमुश्त भुगतान की जाएगी। सरकार यह भुगतान होली पर्व से पहले किसानों के खातों में जमा करेगी।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान प्रदेश में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से कुल 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि दी जाएगी। इसके लिए लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है, जो सीधे किसानों के खातों में भेजी जाएगी।

सरकार का कहना है कि इस निर्णय से किसानों को त्योहार के पहले आर्थिक राहत मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। बैठक में कैबिनेट के सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान कर चुकी है। इस वर्ष 10 हजार करोड़ रुपये के नए भुगतान के बाद यह कुल राशि बढ़कर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये हो जाएगी।

बताया गया कि इस प्रस्ताव पर कैबिनेट ने 4 फरवरी की बैठक में ही मुहर लगा दी थी, जिसके बाद भुगतान की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का दावा है कि समय पर भुगतान से किसानों का भरोसा मजबूत होगा और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

पढ़े साय कैबिनेट के अहम फैसले

  • मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ के षष्ठम् विधान सभा के अष्टम् सत्र माह फरवरी-मार्च, 2026 हेतु माननीय राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन किया गया।
  • मंत्रिपरिषद द्वारा बजट अनुमान वर्ष 2026-27 का विधानसभा में उपस्थापन हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
  • मंत्रिपरिषद ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रूपए प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रूपए का भुगतान होली त्यौहार से पहले एकमुश्त किया जाएगा।
  • यहां यह उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रूपए प्रति क्विंटल के मान से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है। बीते दो वर्षाें में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रूपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस साल होली से पूर्व किसानों को 10 हजार करोड़ रूपए का भुगतान होने से यह राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रूपए हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button