आधार सेवाओं में बड़ा बदलाव: 15 जुलाई से बंद होंगे निजी चॉइस सेंटर, सिर्फ सरकारी लोक सेवा केंद्रों से मिलेगी सुविधा

रायपुर। राजधानी रायपुर में आधार कार्ड सेवाओं को लेकर 15 जुलाई से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें किसी भी तरह का अपडेट कराने के लिए लोगों को सिर्फ सरकारी लोक सेवा केंद्रों पर ही जाना होगा। निजी चॉइस सेंटरों पर मिलने वाली आधार से जुड़ी सभी सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दी जाएंगी। यह फैसला केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशों के तहत लिया गया है।
80% से ज्यादा चॉइस सेंटर होंगे बंद
इस समय रायपुर में 44 से अधिक निजी चॉइस सेंटर संचालित हो रहे हैं, लेकिन इन पर अब आधार से जुड़ी सेवाएं नहीं मिलेंगी। दूसरी ओर, शहर में सिर्फ 9 सरकारी लोक सेवा केंद्र ही हैं, जहां से यह सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस बदलाव के चलते लगभग 80% आधार सेवा केंद्र बंद हो जाएंगे। हालांकि, रायपुर के श्याम प्लाजा (पंडरी) स्थित एक निजी कंपनी को सशुल्क सेवा देने की अस्थायी अनुमति दी गई है।
आम जनता को होगी परेशानी
इस बदलाव का सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा। सरकारी केंद्रों की संख्या सीमित होने के कारण वहां भीड़ 4 से 5 गुना तक बढ़ने की संभावना है। इससे लोगों को लंबी कतारें, समय की बर्बादी और बार-बार चक्कर लगाने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से दूरदराज के लोग और नौकरीपेशा नागरिक ज्यादा प्रभावित होंगे।
नाराज हैं चॉइस सेंटर संचालक
इस फैसले से निजी चॉइस सेंटर संचालकों में नाराजगी है। पहले उन्हें आधार सेवाओं पर कमीशन मिलता था, जिससे वे स्टाफ का वेतन और अन्य खर्च निकाल लेते थे। अब यह काम बंद होने से उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। चिप्स ने इन्हें सरकारी केंद्रों में शिफ्ट होने का विकल्प दिया है, लेकिन 75 रुपये का कम कमीशन होने से अधिकतर संचालक रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
निजी कंपनी से सरकार वापस लेगी आधार सेवा का काम
अब तक आधार सेवाओं की जिम्मेदारी एनएसीआई हैदराबाद के पास थी, लेकिन अब यह काम चिप्स (CHiPS) के पास चला जाएगा। चिप्स अब ईद एलॉटमेंट, सर्वर ब्लॉकिंग, तकनीकी सुधार जैसे कार्यों को देखेगा। इससे सरकार को सेवा नियंत्रण में आसानी होगी।