पाकिस्तान में BLA का बड़ा हमला, 10 सैनिकों की मौत, फिर बढ़ा बलूचिस्तान का तनाव

क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमले में 10 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। यह हमला शुक्रवार को क्वेटा से लगभग 30 किलोमीटर दूर मार्गट चौकी के पास किया गया।

BLA ने हमले की जिम्मेदारी ली है और इसे आजादी की लड़ाई का हिस्सा बताया है। BLA ने बताया कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के काफिले को रिमोट कंट्रोल IED से निशाना बनाया। संगठन ने चेतावनी दी है कि उनके हमले आगे भी जारी रहेंगे।

ट्रेन हाईजैक के बाद अब IED हमला

BLA ने पिछले महीने भी क्वेटा में एक ट्रेन को हाईजैक किया था। जाफर एक्सप्रेस नाम की इस ट्रेन में करीब 450 यात्री थे। संगठन ने बलूच कार्यकर्ताओं और कैदियों की रिहाई की मांग की थी। इसके बाद पाकिस्तानी सेना और BLA के बीच 48 घंटे तक लड़ाई चली थी। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया था कि 33 लड़ाके मारे गए और सभी बंधकों को छुड़ा लिया गया, जबकि BLA ने 100 सैनिकों को मारने का दावा किया था।

कौन है BLA

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने की मांग करने वाला सबसे ताकतवर संगठन माना जाता है। यह 1970 के दशक में बना था लेकिन 2000 के बाद इसका असर और बढ़ा है। BLA का मानना है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों पर उनका हक है और वे पाकिस्तान और चीन दोनों से छुटकारा चाहते हैं। पाकिस्तान ने 2007 में इस संगठन को आतंकवादी घोषित कर दिया था।

Exit mobile version