रायपुर। भिलाई में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वैश्विक राजनीति और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तनाव पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में अगर सबसे ज्यादा डरा हुआ कोई देश है तो वह अमेरिका है, क्योंकि उसे अपने डॉलर और आर्थिक प्रभुत्व की चिंता सता रही है। इसी कारण वह तेल संसाधनों वाले देशों में दखल देता है, चाहे मामला वेनेजुएला का हो या ईरान का।
बघेल ने आरोप लगाया कि ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के पीछे असली वजह कुछ और है। उन्होंने कहा कि “एपस्टीन फाइल” से ध्यान भटकाने के लिए वैश्विक स्तर पर तनाव का माहौल बनाया जा रहा है। उनका इशारा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की ओर था। उन्होंने कहा कि इस मामले से न ट्रम्प बच पाएंगे और न ही “हमारा वाला”, इशारों में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
पूर्व सीएम ने कहा कि जो लोग 56 इंच का सीना और विश्वगुरु बनने की बात करते थे, वे आज अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मौन हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मौन कहा जाता था, लेकिन जब वे बोलते थे तो दुनिया सुनती थी।
कार्यक्रम में बघेल ने पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने समुद्री रास्ते बंद किए तो आपूर्ति प्रभावित होगी और कीमतें बढ़ सकती हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू पर हल्की चुटकी भी ली, जिससे मंच पर हल्का असहज माहौल बन गया।
