रायपुर में महतारी सिलाई केंद्र शुरू, महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में ‘महतारी सिलाई केंद्र’ का शुभारंभ किया। इस केंद्र में महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे अपना खुद का काम शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि रायपुर के अलावा प्रदेश के दूसरे शहरों में भी ऐसे सिलाई केंद्र खोलने की कोशिश की जाएगी।
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि इलाके की महिलाओं ने सिलाई सीखने की इच्छा जताई थी, लेकिन आर्थिक कारणों से वे मशीन नहीं खरीद पाती थीं। उनकी मांग पर उप मुख्यमंत्री ने यह केंद्र शुरू करवाया। अब महिलाएं यहां निशुल्क प्रशिक्षण लेकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकेंगी।
कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौर, आयुक्त विश्वदीप, पार्षदगण और कई नागरिक शामिल हुए।