ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बस्तर ओलंपिक को मिला ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का दर्जा, रायपुर-बिलासपुर में खुलेंगे मेडिकल-नर्सिंग कॉलेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल और स्वास्थ्य शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में कई अहम घोषणाएं हुईं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण है कि बस्तर ओलंपिक को अब से “खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स” के रूप में आयोजित किया जाएगा।

इस निर्णय से जनजातीय युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल संस्कृति को वैश्विक पहचान भी मिलेगी। यह पहल जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान रायपुर और बिलासपुर में 220-बेड के मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज खोलने का प्रस्ताव भी रखा। इससे प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा के साथ-साथ बेहतर चिकित्सा सुविधाएं विकसित होंगी। केंद्रीय मंत्री मांडविया ने इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय और स्वीकृति प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE) का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने और राज्य में नए स्टेडियम व प्रशिक्षण केंद्रों की मांग भी की। केंद्रीय मंत्री ने इस पर भी शीघ्र निर्णय का आश्वासन दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव राहुल भगत भी मौजूद रहे। ये घोषणाएं छत्तीसगढ़ के विकास में नई दिशा और ऊर्जा देने वाली साबित होंगी।

Related Articles

Back to top button