बस्तर ओलंपिक-2025: विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 अक्टूबर से 5 नवंबर तक, आयु सीमा नहीं

रायपुर। बस्तर संभाग में युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने, उनकी खेल और रचनात्मक प्रतिभा को उभारने तथा जनता और शासन के बीच सीधे संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से “बस्तर ओलंपिक-2025” का आयोजन किया जा रहा है। पिछली बार की तरह इस वर्ष भी यह कार्यक्रम विकासखंड स्तर से लेकर संभाग स्तर तक आयोजित किया जाएगा।

इस ओलंपिक में एथलेटिक्स (100 मी., 200 मी., 400 मी., लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 4X100 मी. रिले रेस), तीरंदाजी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कराते, वॉलीबॉल, महिला सीनियर वर्ग के लिए रस्साकसी, साथ ही जिला स्तर पर हॉकी और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं होंगी।

प्रतियोगिताएं दो वर्गों में आयोजित की जाएंगी – जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) और सीनियर वर्ग (महिला एवं पुरुष), जिसमें आयु सीमा नहीं रखी गई है। विकासखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

विकासखंड स्तरीय आयोजन 25 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। कांकेर जिले में विकासखंड स्तर की स्पर्धाओं के बाद दो दिनों के भीतर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं के पंजीकरण फॉर्म, प्रतिभागियों की सूची, अंक विवरण और संबंधित अभिलेख जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, इंडोर स्टेडियम कांकेर को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

इस आयोजन से न केवल खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवा वर्ग में अनुशासन, टीम भावना और प्रतियोगिता के प्रति रुचि भी विकसित होगी। बस्तर ओलंपिक-2025 प्रदेश के खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Exit mobile version