सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश जोंगरा गांव स्थित उसके घर पहुंचे। एक आरोपी घर के अंदर घुसा और परिवार वालों से पूछा, “पूर्णिमा कहां है?” जैसे ही 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान सामने आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी।
गोली उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वारदात शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुई। दोनों आरोपी सफेद गमछे से अपना चेहरा ढके हुए थे और जिस बाइक से आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। फायरिंग के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
2 साल से मायके में रह रही थी पूर्णिमा
मृतका पूर्णिमा चौहान जोंगरा गांव की रहने वाली थी और पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में सेल्स का काम कर रही थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, वजह अब भी साफ नहीं
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
