दिल्ली। पश्चिम बंगाल में बिगड़े मौसम के मिजाज ने वीवीआईपी विमानों की आवाजाही को प्रभावित किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोलकाता पहुंचने वाली फ्लाइट शुक्रवार रात खराब मौसम के कारण करीब दो घंटे की देरी से लैंड हो सकी।
एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमित शाह शुक्रवार रात करीब 10:46 बजे दिल्ली से रवाना हुए थे। उन्हें तय समय के मुताबिक रात 11:46 बजे कोलकाता उतरना था, लेकिन तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने की वजह से विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। सुरक्षा कारणों से विमान को नादिया और उत्तर 24 परगना के ऊपर काफी देर तक हवा में चक्कर लगाने पड़े। आखिरकार, स्थिति सामान्य होने पर विमान शनिवार तड़के 1:46 बजे लैंड कर सका। इसके बाद शाह करीब 2 बजे अपने होटल पहुंचे।
ममता बनर्जी की फ्लाइट भी हुई थी प्रभावित
दिलचस्प बात यह है कि ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा था। खराब मौसम के कारण उनका विमान भी करीब एक घंटे तक लैंड नहीं कर पाया था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया था।
शाह का बंगाल दौरा और चुनावी सरगर्मी
9 अप्रैल 2026 को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। अमित शाह शनिवार दोपहर कोलकाता के न्यू टाउन में ममता सरकार के खिलाफ एक विस्तृत ‘चार्जशीट’ जारी करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा राज्य की तृणमूल सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर बड़े हमले की तैयारी में है।
