दुस्साहस: लूट का विरोध करने पर उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक वारदात सामने आई है।

जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के करहीडीह से चिखली चौक के बीच अज्ञात बदमाशों ने लूट की नीयत से ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस खूनी वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

अस्पताल से लौटते समय हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप रविवार देर रात अपने एक साथी के साथ भिलाई स्थित एक निजी अस्पताल से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान करहीडीह चौक के पास एक ही बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से उनसे मोबाइल और नकदी छीनने का प्रयास किया।

जब उपसरपंच प्रकाश सिंह ने बदमाशों की इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि प्रकाश सिंह ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

साथी ने भागकर बचाई जान, 4 हजार और मोबाइल ले उड़े आरोपी

वारदात के दौरान उपसरपंच के साथ मौजूद साथी ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और लगभग 4,000 नकद लूटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

गांव में मातम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम तुमाकला की सरपंच हैं।

इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी शुरू कर दी है।

Exit mobile version