पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना, 12 जुलाई तक करें आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के श्रम विभाग ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के होनहार बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं।

योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा, आवास और भोजन की सुविधा मिलेगी।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 12 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

श्रम विभाग के अनुसार पात्र विद्यार्थी और उनके अभिभावक ‘श्रमेव जयते’ मोबाइल ऐप, विभाग के आधिकारिक वेब पोर्टल, निकटतम जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर या जिला श्रम कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के साथ श्रमिक पंजीयन कार्ड (लेबर कार्ड), छात्र का मूल निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, कक्षा 5वीं की अंकसूची और वर्तमान में अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।

योजना का लाभ केवल उन निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन आवेदन की तिथि से कम से कम एक वर्ष पहले का हो। यह सुविधा श्रमिक परिवार की पहली दो संतानों तक सीमित रहेगी।

साथ ही विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेना आवश्यक है।

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल निर्धारित मापदंडों के आधार पर आवेदनों की जांच कर पात्र विद्यार्थियों का चयन करेगा।

चयनित छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क पढ़ाई के साथ हॉस्टल, पौष्टिक भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए समान अवसर देना है। श्रम विभाग ने पात्र श्रमिकों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

↑
Exit mobile version