रायपुर। रायपुर जिले में आयोजित ‘यूथ फेस्ट-2026’ के अंतर्गत शनिवार शाम एक विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें देश के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं, छात्र-छात्राओं और महिलाओं को जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों पर केंद्रित रहकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सौरभ द्विवेदी ने कहा कि बदलते दौर में निरंतर सीखना, खुद को अपडेट रखना और सकारात्मक सोच बनाए रखना ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने मेंटल हेल्थ और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस समय में संतुलित जीवनशैली बेहद जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि वे बाहरी दुनिया की अनावश्यक आलोचनाओं और भ्रामक बातों से प्रभावित न हों, बल्कि अपने मन की सुनें और परिवार की सलाह को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि माता-पिता, बहनों और परिवारजनों का सम्मान और उनकी चिंता करना हर युवा की जिम्मेदारी है।
महिलाओं की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में माताओं और बहनों की भागीदारी बेहद अहम है। जब महिलाएं घर और कार्यक्षेत्र दोनों में सक्रिय होती हैं तो समाज और देश की प्रगति को नई गति मिलती है। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की सलाह भी दी।
यूथ फेस्ट-2026 के तहत 24 और 25 अप्रैल को जिले के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, स्टार्टअप, एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट वर्कशॉप, फूड स्टॉल्स और कला-संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई गईं। अंतिम दिन दायरा बैंड (जादू बस्तर) की प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
कार्यक्रम में रामू रोहरा, अबिनाश मिश्रा, कृष्ण जाधव और विनोद पाठक मौजूद रहे। महापौर ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
