ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कंवर समाज के शपथ ग्रहण समारोह में CM साय बोले- शिक्षा से ही खुलेगी विकास की राह, हर बच्चे को मिले अवसर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल आधार है। किसी भी समाज की प्रगति उसकी भावी पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है।

समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले, इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गहिरा गुरु और समाज के अन्य पुरोधाओं ने शिक्षा, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारी इसी भावना के साथ समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि कंवर समाज के पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन समाज की एकजुटता का प्रमाण है।

शिक्षा सिर्फ नौकरी नहीं, आत्मनिर्भरता का माध्यम

CM ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं है। इससे व्यक्ति में निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है और वह उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी या जिम्मेदार नागरिक बन सकता है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित हैं। किसानों, महिलाओं, भूमिहीन मजदूरों और जनजातीय परिवारों के लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कंवर समाज के भवनों के लिए 1.55 करोड़ की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण और विकास के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा की। इसमें रायपुर के लाभांडी स्थित कंवर भवन के लिए 70 लाख रुपए समेत राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद और अन्य क्षेत्रों के सामाजिक भवनों के लिए राशि शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा भी लगाया। समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी पौधरोपण किया। समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button