बेमेतरा में अव्यवस्था पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, अफसरों को लगाई फटकार; वीडियो वायरल

बेमेतरा। बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह और विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह अधिकारियों पर नाराज हो गए।

कार्यक्रम में हुई व्यवस्थागत कमियों को लेकर उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य शामिल होने पहुंचे थे। लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

खराब मौसम की वजह से सामूहिक विवाह समारोह के अलावा मुख्यमंत्री का आशीर्वाद कार्यक्रम, लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम भी प्रभावित हुए और कई गतिविधियां रद्द करनी पड़ीं।

बारिश के दौरान आयोजन स्थल पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग कुर्सियों को सिर पर रखकर बारिश से बचते नजर आए। वहीं मंच और स्वागत व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।

मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के स्वागत में प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने पर रमन सिंह ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

बाद में रेस्ट हाउस में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान रमन सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री बेमेतरा में मौजूद थे, लेकिन स्वागत, सुरक्षा और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर्याप्त तैयारी नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि ढाई घंटे बीत जाने के बाद भी अधिकारी वैकल्पिक स्थल की व्यवस्था नहीं कर सके।

अपने 15 वर्ष के मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने इतनी अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी। घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है।

Exit mobile version