विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 2026 कैलेण्डर, डायरी एवं पुस्तक का विमोचन किया

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने शंकर नगर स्थित ‘‘स्पीकर हाऊस’’ में वर्ष 2026 के विधान सभा कैलेण्डर एवं डायरी (दैनंदिनी) का विमोचन किया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्री खुशवंत साहेब, पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे और अन्य विधायकों सहित सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
साथ ही ‘‘डॉ. रमन सिंह अध्यक्ष: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्षीय कार्यकाल के दो वर्ष महत्वपूर्ण कार्य एवं उपलब्धियां’’ शीर्षक से पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जो अध्यक्ष के दो वर्ष के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित है।
डॉ. रमन सिंह की संकल्पना के अनुसार कैलेण्डर एवं डायरी में भारतीय संविधान की चित्रगाथा, ‘‘रजत जयंती वर्ष’’ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का विधान सभा आगमन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नवीन विधान सभा भवन का लोकार्पण, अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा अनावरण, विधायकों एवं पत्रकारों के प्रबोधन कार्यक्रम और अन्य विशिष्ट अवसरों के छायाचित्र सम्मिलित किए गए हैं।
इस अवसर पर विधान सभा की 25 वर्षों की संसदीय यात्रा पर केंद्रित वृत्तचित्र का भी विमोचन किया गया, जिसका निर्माण एवं निर्देशन कीर्ति सिसोदिया ने किया। इस कार्यक्रम ने छत्तीसगढ़ विधान सभा की समृद्ध परंपरा और उपलब्धियों को उजागर किया।





