रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ।
इस स्पर्धा में पुरुष वर्ग में अरुणाचल प्रदेश ने ओवरऑल चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि मिजोरम फर्स्ट रनरअप और असम सेकंड रनरअप रहा। महिला वर्ग में असम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया, वहीं ओडिशा फर्स्ट रनरअप और छत्तीसगढ़ सेकंड रनरअप रहा।
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और महापौर मीनल चौबे ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों में पुरुष 110 किग्रा वर्ग में अरुणाचल के साम्बो लापुंग ने 299 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। मिजोरम के खिलाड़ी ने रजत और छत्तीसगढ़ के लकी बाबू मरकाम ने 261 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 110+ किग्रा वर्ग में मिजोरम के खिलाड़ी ने स्वर्ण, आंध्र प्रदेश के खिलाड़ी ने रजत और असम के खिलाड़ी ने कांस्य पदक जीता।
महिला वर्ग में भी मुकाबले रोमांचक रहे। 86 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने 121 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने राज्य का मान बढ़ाया। यह प्रतियोगिता साबित करती है कि जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और अवसर की है।
