ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आरंग हत्याकांड: रंग लगाने से मना करने पर युवक की हत्या, नाबालिग सहित 8 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर जिले के आरंग में होली के दिन रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले युवक की बाइक गिराई, फिर उसे दौड़ाकर पीटा और विरोध करने पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी नीरज लोधी की हत्या 4 मार्च को हुई थी। घटना के बाद आरंग थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में मनीष कुमार निषाद, योगेंद्र निषाद उर्फ बीरू उर्फ बाऊ, गौतम कुमार साहू, भोजराम निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू, धनेश निषाद और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल चाकू और अन्य सामान भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी मोनू ठाकुर ने आरंग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 4 मार्च को दुर्गा चौक के पास मोहल्ले में होली खेल रहा था। इसी दौरान नीरज लोधी अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और उसे चाय पीने चलने के लिए कहा। इसके बाद नीरज, मोनू ठाकुर और निलेश लोधी बाइक से निकल पड़े।

करीब रात 11:30 बजे जब वे केंवसी साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहुंचे, तो वहां खड़े कुछ युवकों ने उन्हें रोककर रंग-गुलाल लगाने की कोशिश की और बाइक की चाबी भी निकाल ली। नीरज द्वारा रंग लगाने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ध्रुव निषाद और उसके साथियों ने तीनों को बाइक से गिराकर मारपीट शुरू कर दी।

मोनू और निलेश किसी तरह वहां से भाग निकले, लेकिन नीरज को आरोपियों ने घेर लिया। इसी दौरान मनीष निषाद और उसके साथियों ने नीरज के सीने, पीठ और कमर पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button